उदयपुर, 6 अगस्त . कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्यसभा सांसद नीरज डांगी को राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी का सचेतक (व्हिप) नियुक्त किया है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि कांग्रेस संसदीय दल के मुख्य सचेतक जयराम रमेश द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इस नियुक्ति की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि राज्यसभा की पूर्व सचेतक रजनी अशोक राव पाटिल के सेवानिवृत्त होने से रिक्त हुए पद पर नीरज डांगी की नियुक्ति की गई है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि नीरज डांगी अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और प्रभावशीलता के साथ करेंगे। साथ ही वे राज्यसभा में पार्टी के संसदीय कार्यों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने नीरज डांगी को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।
राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी के सचेतक नियुक्त हुए नीरज डांगी
