उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा लहर कच्छावा ने अहमदाबाद में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन तीरंदाजी बालिका चौंपियनशिप 2026-27 में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष विपिन राय ने बताया कि लहर ने अंडर-17 वर्ग में ऑल ओवर कंपाउंड राउंड में कांस्य पदक और एलिमिनेशन राउंड में रजत पदक प्राप्त किया। राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश से आई बालिका तीरंदाजों के बीच हुए कड़े मुकाबले में लहर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर शानदार प्रदर्शन किया और उदयपुर का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के साथ लहर अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ियों के साथ देशभर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो-वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का परचम फहराना चाहिए।
प्राचार्य संजय नरवरिया ने कहा कि लहर का चयन सीबीएसई द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व की बात है।
लहर की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने उसे तथा उसके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
तीरंदाजी में डीपीएस उदयपुर की लहर तीन राज्यों का प्रतिनिधित्व करेगी
