व्यापारियों ने माल्यार्पण, साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान
उदयपुर। शक्ति नगर व्यापार मंडल की ओर से उदयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पारस सिंघवी का नगर निगम प्रांगण में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि पारस सिंघवी ने हाल ही में उदयपुर नगर निगम के महापौर का पदभार ग्रहण किया है।
व्यापार मंडल के महासचिव जितेंद्र कालरा के नेतृत्व में शक्ति नगर के व्यापारी बंधु उत्साहपूर्वक महापौर पारस सिंघवी को बधाई एवं शुभकामनाएं देने नगर निगम पहुंचे।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोवर्धन राठौड़, कमलेश सेन, वैभव जैन, लोकेश पंचोली, निखिल साहू, यश पालीवाल, अनिल वैष्णव एवं कैलाश राठौड़ सहित कार्यकारिणी के सदस्यों ने पारस सिंघवी का माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में शक्ति नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने कहा कि पारस सिंघवी का चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पद पर होना व्यापारिक जगत के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और शहर के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक संवाद और समन्वय के माध्यम से शहर में व्यापारिक गतिविधियों एवं नागरिक सुविधाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा सकते हैं।
उन्होंने पारस सिंघवी को महापौर पद की जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शक्ति नगर व्यापार मंडल शहर के व्यापारियों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सहयोग और संवाद के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
सम्मान समारोह के दौरान महापौर पारस सिंघवी ने शक्ति नगर व्यापार मंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि व्यापारिक समुदाय से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से सुनने और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने पारस सिंघवी को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और शहर एवं व्यापारिक क्षेत्र के विकास के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने की भावना व्यक्त की।
शक्ति नगर व्यापार मंडल ने किया महापौर एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष पारस सिंघवी का भव्य स्वागत
