श्रीकृष्णा विहार की बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उदयपुर। छोटा गुड़ा कुराबड़ मुख्य सड़क से श्रीकृष्णा विहार जाने वाले कच्चे मार्ग की अत्यंत दयनीय स्थिति और बदहाली से परेशान क्षेत्रवासियों ने सुरेश मेघवाल और आशीष कपूर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहनों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है तथा दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। कच्चे रास्ते के कारण स्थानीय निवासियों, विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से मार्ग पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र का संपर्क बाधित हो जाता है। स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि किसी के अचानक बीमार पड़ने पर एम्बुलेंस तक समय पर कॉलोनी में नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को लगातार अवगत कराते आ रहे हैं। इसके अलावा सम्पर्क पोर्टल पर भी परिवाद संख्या 092536324307276 दिनांक 18 सितंबर 2025 तथा 022636325581658 दिनांक 4 फरवरी 2026 दर्ज करवाए गए, लेकिन ग्राम पंचायत की ओर से बजट अभाव का हवाला देकर कार्य नहीं करवाया गया।

ग्रामीणों ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके। इस पर जिला कलेक्टर ने समस्या के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!