मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के साथ सुखाड़िया रंगमंच पर होगा विशेष आयोजन
टीएडी मंत्री खराड़ी को सौंपी गई जिम्मेदारी
उदयपुर, 3 जुलाई। राजस्थान के औद्योगिक विकास के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश की महत्वाकांक्षी रिफाइनरी परियोजना के लोकार्पण के ऐतिहासिक अवसर का साक्षी उदयपुर भी बनेगा। बालोतरा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आतिथ्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम का उदयपुर में सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि आमजन इस गौरवपूर्ण क्षण के सहभागी बन सकें।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार उदयपुर में नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बालोतरा से होने वाले रिफाइनरी उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण होगा। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं विकास से जुड़ी विभिन्न पहल से जोड़ा जाएगा। राज्य सरकार ने कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी जनजाति क्षेत्रीय विकास (टीएडी) मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी को सौंपी है। उनके मार्गदर्शन में जिला प्रशासन कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री मेघवाल उदयपुर आएंगे
उदयपुर, 03 जुलाई। केन्द्रीय राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार, कानून एवं न्याय मंत्रालय एवं राज्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार, श्री अर्जुनराम मेघवाल शनिवार 04 जुलाई को प्रातः 11ः55 बजे विशेष वायुयान द्वारा महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक आएंगे। तत्पश्च्यात अपरान्ह 12 बजे माउंट आबू (सिरोही) हेतु प्रस्थान करेंगे।
