नीट पेपरलीक को लेकर उदयपुर देहात व शहर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

उदयपुर l देश में विगत 3 मई 2026 को आयोजित नीट-2026 परीक्षा में पूरे देश से करीब 22 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थेl विद्यार्थियों के लिए यह देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। लेकिन लगातार तीसरी बार देश की इस महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना एक अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। परीक्षा निरस्त होने से छात्रों की मेहनत पर बुरा असर पड़ा है और कई परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार को उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चेतक सर्कल पर विरोध प्रदर्शन कर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे एवं परीक्षा करवाने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग करी गई। विरोध प्रदर्शन के बाद उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि नीट 2026 की परीक्षा रद्द होने से 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत के अलावा किसी पिता ने कर्ज़ लिया होगा, किसी माँ ने गहने बेचे होंगे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, और बदले में मिला, पेपर लीक और सरकारी लापरवाही। यह शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार का मामला है। यह सिर्फ़ केंद्र सरकार की नाकामी नहीं है बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं। अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे। कांग्रेस पार्टी इसे केंद्र सरकार की गंभीर लापरवाही मानती है और केंदीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करती है। साथ ही परीक्षा करवाने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भी भंग करने की मांग करती है। नीट-2026 पेपर लीक सिर्फ एक घोटाला नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सपनों की निर्मम हत्या है।
विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, उदयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी, इंटक प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, पीसीसी महासचिव सुरेश सुथार, मथुरेश नागदा, डॉ कौशल नागदा, डॉ संजीव राजपुरोहित, दिनेश औदिच्य, राम सिंह चदाणा,ओनार सिंह सिसोदिया, मोड़ सिंह सिसोदिया, किशन वाधवानी, जमनालाल शर्मा, श्रीमती मधु सालवी, महिला कांग्रेस देहात जिला अध्यक्ष भगवती डांगी, प्रेम प्रकाश लबाना, शिवलाल गुर्जर, लक्ष्मी नारायण मेघवाल, मोतीलाल सुथार, गणेश लाल मेघवाल, लक्ष्मी लाल सोनी, कमलेश पटेल, डॉ महेश चंद्र त्रिपाठी, रोशन लाल गौड़, लव पुरोहित, अजीज खान पठान, गोपाल सरपटा, दिनेश पानेरी, केसूलाल पालीवाल, विष्णु पटेल, धनपाल गंगावत, प्रवीण सालवी, रमेश पटेल, ओमप्रकाश गमेती, ललित गुर्जर, ललित सिंह गुहिल आदि पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेl

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!