दोपहिया वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश, 6 चोर गिरफ्तार, 27 वाहन बरामद

उदयपुर, 12 अप्रैल : शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर भूपालपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से कुल 27 चोरी के वाहन (26 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी) बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में देवीलाल रावत (गैंग सरगना), शिवलाल भील, लक्ष्मण भील, लक्ष्मण मीणा, रवि खटीक (हिस्ट्रीशीटर) और ओमप्रकाश खटीक (वांटेड अपराधी) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंग पिछले कई महीनों से उदयपुर सहित आसपास के इलाकों से विशेष रूप से स्प्लेंडर बाइकें चोरी कर सस्ते दामों में बेचता था। स्प्लेंडर बाइक को चोरी करने का मुख्य कारण उसका आसानी से लॉक खुल जाना बताया गया।

बरामद वाहनों को भुपालपुरा, हिरणमगरी, सूरजपोल, प्रतापनगर, सांवलियाजी, डबोक, वल्लभनगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों से चुराया गया था। थानाधिकारी आदर्श कुमार और उनकी विशेष टीम, जिसमें अमृतलाल, भगवतीलाल, आनंद कंवर, मनबहादुर सिंह, देवीलाल, सोहनलाल और दिनेश जोशी शामिल थे, ने लगातार कड़ी मेहनत कर इस बड़ी सफलता को अंजाम दिया।

आरोपियों से पूछताछ व आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से शहर में वाहन चोरों के हौसले पस्त हुए हैं और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!