युवाओं को नशे से बचाने आगे आया समाज, शिक्षण संस्थानों के बाहर खिंचेगी “लक्ष्मण रेखा”

युवाओं को नशे से बचाने आगे आया समाज, शिक्षण संस्थानों के बाहर खिंचेगी “लक्ष्मण रेखा”
उदयपुर। युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा महाराणा प्रताप एग्रो क्लासेस में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरोग्य सेवा संस्थान के अध्यक्ष नरपत सिंह चैहान ने कहा कि नशा आज समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते युवाओं को जागरूक नहीं किया गया तो इसका असर पूरे समाज पर पड़ेगा। चैहान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा, खेल और सकारात्मक सोच ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रख सकती है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (।छज्थ्) के महानिरीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में प्रदेशभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उदयपुर में “ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” शुरू किया गया है, जिसके तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास के क्षेत्रों को “नो ड्रग्स जोन” बनाया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक समाज और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के समन्वय से ही नशा मुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्थान के स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!