उदयपुर, 3 अक्टूबर। रवीन्द्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस बैच 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विगत 15 दिनों से चल रहे फाउन्डेशन कोर्स का समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन रहीं। कार्यक्रम का संचालन थ्वनदकंजपवद ब्वनतेम की नोडल अधिकारी डॉ. पूजा धाबाई ने किया।
15 दिवसीय फाउन्डेशन कोर्स के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए मानसिक एवं व्यावहारिक रूप से तैयार किया। एमेरिटस प्रोफेसर, मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय डॉ. गायत्री तिवारी ने समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन एवं पारस्परिक संबंधों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। एएमबी कन्सल्टिंग की संस्थापक डॉ. अमृता बोकरिया ने संचार कौशल, आलोचनात्मक सोच, निर्णय क्षमता, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा चिकित्सकीय उपचार में सकारात्मक सोच की शक्ति के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ थिएटर आर्टिस्ट एवं प्रसिद्ध माइम कलाकार डॉ. विलास झानवे एवं किरण झानवे, मार्तण्ड फाउंडेशन ने नाटक मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाया। वाटरमेन ऑफ उदयपुर डॉ. पी.सी. जैन ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति के लिए जागरूक किया। राजस्थान पुलिस के डॉ. नरेंद्र एवं कांस्टेबल राजू खींची, योग-स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर ने योग की प्रमुख विधाओं को सरल रूप में समझाया तथा प्राणायाम का अभ्यास कराया। फाउन्डेशन कोर्स के दौरान संकाय सदस्यों द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट वेस्ट डिस्पोजल, मेडिकल एथिक्स, हैंड वॉशिंग, फर्स्ट एड, ऑर्गन एवं ब्लड डोनेशन तथा खेलों की कक्षाएं भी आयोजित की गईं। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 1 अक्टूबर को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके तहत महाविद्यालय परिसर में 67 पौधे रोपे गए।
समापन समारोह के ओरिएन्टेशन प्रोग्राम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अमृता दुहन, आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन, एडिशनल प्रिंसीपल – I डॉ. विजय गुप्ता, एडीशनल प्रिंसीपल – III डॉ. कीर्ति एवं एकेडमिक इंचार्ज डॉ. मेघश्याम शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के गायन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत हरे पौधे भेंट कर किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अमृता दुहन ने अपने संबोधन में चिकित्सा पेशे को दुनिया का सबसे पवित्र एवं उत्तरदायित्वपूर्ण पेशा बताते हुए विद्यार्थियों को पूरी लगन, ईमानदारी एवं सेवाभाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे, मादक पदार्थों एवं कुसंगति से दूर रहने की सलाह भी दी। समारोह का मुख्य आकर्षण व्हाइट कोट सेरेमनी रहा। डॉ. सुशील साहू ने चरक संहिता के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि डॉ. अमृता दुहन की उपस्थिति में सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने पवित्र व्हाइट कोट धारण किया तथा मानवता की सेवा की चरक शपथ ली।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आरएनटी मेडिकल कॉलेज में मिलने वाली शिक्षा विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को मरीजों की पूरी बात संवेदनशीलता के साथ सुननी चाहिए तथा चिकित्सक के साथ-साथ एक अच्छा इंसान भी बनना चाहिए। एडिशनल प्रिंसीपल- I डॉ. विजय गुप्ता, एडिशनल प्रिंसीपल- III डॉ. कीर्ति, एकेडमिक ऑफिसर डॉ. मेघश्याम शर्मा एवं यूजी इंजार्ज डॉ. श्वेता बियाणी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। फाउन्डेशन कोर्स समिति सदस्य डॉ. निराली सालगिया ने विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग के संबंध में जागरूक किया।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्षों एवं संकाय सदस्यों डॉ. श्वेता अस्थाना, डॉ. शुचि गोयल, डॉ. रेणुका पैगवार, डॉ. राजुल लोडा, डॉ. परवीन ओझा, डॉ. सोनिका चौधरी, डॉ. उर्मिला चौधरी, डॉ. हरचरन, डॉ. अपूर्वा, डॉ. जमील, डॉ. संध्या मिश्रा, डॉ. रेखा सिंघवी, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. राघव नेपालीया, डॉ. हेमंत, डॉ. वैभव भटनागर, डॉ. प्रशांत एवं डॉ. किरण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस बैच 2026 का 15 दिवसीय फाउंडेशन कोर्स संपन्न, छात्रों ने ली चरक शपथ
