राजकीय गुरु गोविंदसिंह उमावि में क्रिकेट एवं सेंट एंथोनी में रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का होगा उद्घाटन समारोह, प्रदेश भर से क्रिकेट और रोलर स्केटिंग के खिलाड़ी पहुंचे उदयपुर
फतहनगर। 17 व 19 वर्ष छात्रा क्रिकेट और रोलर स्केटिंग 17,19वर्ष छात्र व छात्रा दोनो वर्ग की प्रतियोगिता उदयपुर में शनिवार से होने जा रही है। शनिवार को राजकीय गुरु गोविंदसिंह उमावि में 17, 19 वर्ष छात्रा क्रिकेट प्रतियोगिता एवं सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोवर्धनविलास बलीचा में 17,19 छात्र व छात्रा दोनो वर्ग की रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। दोनो ही आयोजक स्कूलों में आज दिनभर विभिन्न जिलों से टीमों के आने का क्रम जारी रहा और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सुबह से शाम तक चलती रही। देर से आने वाली टीमों के पंजीयन की प्रक्रिया जारी थी। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय आशा मांडावत के निर्देशन में प्रतिनियुक्त प्रधानाचार्य,शारीरिक शिक्षक एवं आयोजक विद्यालय के कार्मिको से गठित की गई। विभिन्न समितियो द्वारा दिनभर अपने अपने दायित्व का निर्वहन किया गया। सेंट एंथोनी स्कूल के प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता के संयुक्त संचालन सचिव विलियम डिसूजा ने बताया कि सेंट एंथोनी स्कूल के द्वारा रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रदेश पर से आने वाली टीमों के खिलाड़ियों को विद्यालय तक लाने ले जाने के लिए बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर विद्यालय की तरफ से निःशुल्क बस की व्यवस्था की गई है तथा विद्यालय में ही छात्र एवं छात्र वर्ग के लिए अलग-अलग ठहरने की व्यवस्था निःशुल्क की गई है। बाहर से आने वाले प्रतिनियुक्त स्टाफ के लिए भी ठहरने की व्यवस्था विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय परिसर में ही निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही न्यूनतम शुल्क पर सभी खिलाड़ियों के लिए नाश्ता,दोनो समय के भोजन की व्यवस्था विद्यालय परिसर में ही उपलब्ध करवाई गई है। स्केटिंग का खेल मैदान भी विद्यालय परिसर में ही होने से सभी व्यवस्थाएं खिलाड़ियों को एक ही कैंपस में मिलने से आने वाले समस्त दल प्रभारी,अभिभावक एवं खिलाड़ी छात्र-छात्राएं बहुत ही खुश हैं। सांय तक रोलर स्केटिंग की 29 टीम में विद्यालय में अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुकी है। क्रिकेट में 51 टीमें और 850 छात्राए पहुंच चुकी है तथा टीमों का आना निरंतर जारी है।
