दिव्यांगजनों की सेवा ईश्वर की पूजा के समान : शंकराचार्य ज्ञानानंद तीर्थ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

ज्योर्तिमठ अवांतर भानपुरा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य एवं युवाचार्य ने किया वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी हॉस्पिटल का अवलोकन

उदयपुर, 26 नवम्बर। ज्योर्तिमठ अवांतर भानपुरा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ एवं युवाचार्य स्वामी वरुणेंद्र तीर्थ ने गुरुवार को नारायण सेवा संस्थान के नवनिर्मित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी हॉस्पिटल का अवलोकन किया। संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, निदेशक वंदना अग्रवाल एवं पलक अग्रवाल ने मेवाड़ी परंपरा के अनुसार पगड़ी एवं शॉल ओढ़ाकर संतद्वय का अभिनंदन किया। नारायण चिल्ड्रन एकेडमी के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

शंकराचार्य जी ने देश के विभिन्न प्रांतों से उपचार एवं कृत्रिम अंग प्राप्त करने आए दिव्यांगजनों और उनके परिजनों से संवाद कर उनकी संघर्षपूर्ण जीवन यात्राएं सुनीं। वे विशेष आवश्यकता वाले, मूक-बधिर एवं प्रज्ञाचक्षु बच्चों से भी मिले और उन्हें आशीर्वाद एवं प्रेरक मंत्र दिया। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए संचालित भोजन महाप्रसाद सेवा का भी अवलोकन किया।

उन्होंने मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर एवं सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों में कौशल सीख रहे दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया। कृत्रिम अंग निर्माण कार्यशाला में जापान एवं जर्मनी की तकनीक से तैयार हो रहे मॉड्यूलर कृत्रिम अंगों एवं कैलीपर्स की निर्माण प्रक्रिया जानी। बच्चों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प की भी सराहना की।

इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ ने कहा कि संस्थान के सेवा प्रकल्प मानवता की सेवा के साथ ईश्वर की पूजा के समान हैं। यहां ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना साकार हो रही है। उन्होंने संस्थापक पद्मश्री कैलाश ‘मानव’ को सेवा क्षेत्र का तपस्वी बताते हुए कहा कि उनके पुत्र प्रशांत अग्रवाल सहित पूरा परिवार दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!