उदयपुर 22 अप्रैल। संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा उदयपुर संभाग उदयपुर द्वारा गठित जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
विभाग की ओर से गठित सात दलों द्वारा 14 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया जिसमें विभिन्न विद्यालयों में 29 कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए निरीक्षित विद्यालयों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देबारी, बालिका देबारी, गुरु गोविन्द, फतह, ईटाली, बालिका आयड, पूला, सुंदरवास, बालिका रेजीडेंसी, मास्टर किशन लाल वर्मा अम्बामाता, बालिका अम्बामाता, देवाली बालिका सेक्टर 4, पानेरियों की मादड़ी का अवलोकन किया गया। अवलोकित विद्यालयों में बालिका अम्बामाता मे 2, बालिका आयड में 3, मास्टर किशन लाल वर्मा अम्बामाता में 2, देबारी में 10 एवं राउमावि देवाली में 12 लोक सेवक बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए।
संयुक्त निदेशक प्रमोद कुमार सुथार ने बताया कि बिना सूचना अनुपस्थित कार्मिकों को स्वैच्छिक अनुपस्थित मानते हुए नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। श्री सुथार ने बताया कि इसी प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण जिला मुख्यालय के साथ-साथ ब्लॉक मुख्यालय एवं ग्रामीण स्तर पर भी के जाने प्रस्तावित है।
राजनैतिक दलों की बैठक
उदयपुर, 22 अप्रैल। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी नगर निगम चुनाव- 2026 के वार्डों की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के संदर्भ में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम गिर्वा अवुला सांईकृष्ण की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुधवार को आयोजित हुई। बैठक में प्रतिनिधियों को वार्ड संख्या 11, 29 से 48, 56 से 58, 61 से 65, 71, 76, 77 एवं 78 तक की मतदाता सूची एवं मतदान केंद्रों के संबंध में जानकारी प्रदान की। साथ ही पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
