टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की समीक्षा, मरीजों को वितरित किए पोषण किट

राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर जिले में चल रहे प्रयासों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक में अधिकारियों द्वारा राजसमंद जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी एवं आंकड़े प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुति में बताया गया कि किस प्रकार जांच, उपचार और जागरूकता के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाया जा रहा है। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य तभी संभव है जब हम सभी मिलकर समर्पित भाव से कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच सुनिश्चित करने और मरीजों को पूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। सांसद ने कहा कि राजसमंद को टीबी मुक्त जिला बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

कार्यक्रम के अंत में सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने टीबी मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें टीबी पोषण किट वितरित किए। उन्होंने मरीजों को नियमित उपचार लेने और सकारात्मक बने रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर, सीएमएचओ एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का संकल्प लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!