उदयपुर। निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा जिला महिला प्रकोष्ठ द्वारा जगदीश मंदिर प्रांगण में सेवा, श्रद्धा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। महिला प्रकोष्ठ की बहनों ने मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं को साबूदाना खिचड़ी एवं शीतल छाछ का वितरण कर धर्म और सेवा का संदेश दिया।
महिला प्रकोष्ठ की महामंत्री रेखा अग्रवाल ने बताया कि प्रातः 8रू30 बजे से मंदिर परिसर में विशेष सेवा शिविर लगाया गया, जहां व्रतधारी एवं अन्य भक्तों के लिए साबूदाना खिचड़ी और छाछ की व्यवस्था की गई। दिनभर चले इस सेवा कार्य का लाभ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया और आयोजन की सराहना की।
महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष पुष्पलता तायल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में धार्मिक पर्व केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा और परोपकार की प्रेरणा भी देते हैं। इसी भावना के साथ महिला प्रकोष्ठ द्वारा प्रत्येक वर्ष विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक अवसरों पर जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी के घनश्याम मित्तल, अनामिका गुप्ता, अंजना गुप्ता, कल्पना अग्रवाल, भावना गर्ग, लीलावती मित्तल सहित अनेक महिला सदस्यों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली और श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच सेवा कार्य का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थित लोगों ने महिला प्रकोष्ठ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा और सद्भाव की प्रेरणादायी मिसाल बताया।
निर्जला एकादशी पर उमड़ी सेवा की सरिता, अग्रवाल महासभा महिला प्रकोष्ठ ने श्रद्धालुओं को कराया प्रसाद एवं छाछ वितरण
