जेपी हॉस्पिटल मामले में सकल दिगम्बर जैन समाज ने की निष्पक्ष जांच की मांग

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। सकल दिगम्बर जैन समाज उदयपुर में गत दो जून को जेपी आर्थोपेडिक हॉस्पिटल में सडक हादसे में घायल हुए कूण के कुलदीप जैन के उपचार में लापरवाही के चलते हुई मारपीट जैसी घटना के मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने की मांग करते हुए सुनवाई नहीं होने की स्थिति मेंं सर्वसमाज हित में बडे आंदोलन की चेतावनी दी है।

समाज के अध्यक्ष सुमति प्रकाश जैन, महामंत्री रमेश चंद्र कैरोत व समाज के पदाधिकारी लक्ष्मीलाल बोहरा ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उपचार के दौरान घायल कुलदीप जैन की क्रिटिकल कंडीशन होने पर भी डॉक्टर्स कुछ भी स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे थे। ऐसी स्थिति में अनायास ही बने हालात में मारपीट जैसी घटना हो गई जो कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। फिर भी इसके लिए समाजजनों ने डॉ आनंद गुप्ता से मिलकर क्षमायाचना की है लेकिन वे अपनी अलग मांग कर रहे है जो उचित नहीं है। यदि वे हर्जाना मांगते है तो वे भी पिछले 26 दिनों से जेल में बंद लोगों को कारोबार में हुए नुकसान का हर्जाना मांगेंगे। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि जेपी हॉस्पिटल से गीतांजली हॉस्पिटल में शिफ्ट करने पर वहां के डॉक्टर्स ने परिजनों के साथ मारपीट की जिसका वीडियो पत्रकारों को बताते हुए कहा कि जो धाराए पुलिस ने परिजनो पर लगाई है वहीं धाराए उन डॉक्टर्स पर लगाई जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा एकतरफा कार्रवाई की जा रही है जबकि घायल कुलदीप के पुत्र अक्षत जैन ने दो जून की रात को ही भूपालपुरा थाने में परिवाद दे दिया था उस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पदाधिकारियो ने कहा कि घटना के बाद डॉ आनंद गुप्ता द्वारा तत्काल पूरे राजस्थान में हडताल की धमकी देने पर प्रशासन ने दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई की और रातोंरात निर्दोष लोगों को घरों में से उठा लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि जो दोषी है उन पर कार्रवाई करें लेकिन निर्दोष को छोड देना चाहिए। उन 13 निर्दोष को जेल में बंद किए 26 दिन हो गए है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सभी डॉक्टर मिलकर इस घटना को उदाहरण बनाते हुए पूरे देश में माहौल बनाना चाहते है ताकि भविष्य में कोई भी मरीज और उसके परिजन किसी भी खराब परिस्थिति में अस्पताल और डॉक्टरों की लापरवाही पर उनके खिलाफ आवाज नहीं उठा सके। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जेपी हॉस्पिटल में कुलदीप जैन का गलत इलाज किया गया जो बाद में अहमदाबाद में कराई गई जांच में सामने आया। वे इस लापरवाही के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगें। पदाधिकारियो ने बताया कि एसपी द्वारा मेडिकल बोर्ड गठित कर स्थानीय डॉक्टर को उसमें रखा है जिनको लेकर निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं कर सकते। इसलिए मेडिकल बोर्ड में उदयपुर से बाहर के डॉक्टर शामिल किए जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि समाजजन सोमवार को सुबह जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करेंगें। इसके बाद भी यदि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो सर्वसमाज हित में बडा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें अब तक निजी चिकित्सालयों में रोगियों के  बिगडे सभी मामलों को एकत्रित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!