भीलवाड़ा काण्ड : भाजपा सांसदों की टीम ने किया दौरा, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपेंगे रिपोर्ट
उदयपुर। भीलवाड़ा में 14 वर्षीया किशोरी को सामूहिक दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाए जाने की घटना के बाद भाजपा के सांसदों का दल रविवार को पीड़ित परिवार से मिला। वह इस घटना को लेकर एक रिपोर्ट तैयार कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपेंगे।
भाजपा द्वारा गठित पैनल में सरोज पांडे एवं कांता कर्दम राज्यसभा से तथा रेखा वर्मा और लॉकेट चटर्जी लोकसभा सांसद हैं। चारों सांसद पहले पीड़ित परिवार से मिले तथा बाद में पुलिस अधिकारियों से। जिसके बाद सांसद सरोज पांडे ने राजस्थान सरकार को असंवेदनशील तथा मृत सरकार की संज्ञा दी। जबकि सांसद लॉकेट चटर्जी ने भीलवाड़ा घटना को क्रूरतम बताया। उन्होंने कहा, पूरा देश राजस्थान की ओर देख रहा है, गहलोत सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। ‘लड़की हूं, लड़की हूं’ का नारा देने वाली प्रियंका गांधी इस बारे में कुछ नहीं कह रहीं। सांसद कांता कर्दम ने कहा, इस घटना को टाला जा सकता था। इस सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए।
इधर, राजस्थान के मंत्री बोले, भाजपा कर रही मामले का राजनीतिकरण
इधर, राजस्थान सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा मामले का राजनीतिकरण कर रही है। पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा चाहती है कि अपराध जारी रहे ताकि वे राजनीति करते रहें।
उधर, भीलवाड़ा कांड को लेकर आक्रोशित लोगों ने रविवार को थाने में घुसने की कोशिश की। उनके तोड़फोड़ करने पर पुलिस ने बल पूर्वक उन्हें खदेड़ा।
गौरतलब है कि कोटड़ी थाना क्षेत्र के गांव में अपने खेत पर बकरी चराने गई 14 साल की किशोरी से दो भाइयों ने गैंगरेप कर बेहोशी की हालत में कोयले की जलती भट्टी में फैंक दिया था। आरोपी दोनों भाई अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ किशोरी के पिता के खेत में ही भट्टी से कोयला निकालने का काम करते थे। राज्य सरकार ने शनिवार रात एडीजी क्राइम दिनेश एमएन भीलवाड़ा भेजा था।
राजस्थान सरकार को बताया असंवेदनशील और मृत, सीएम को दे देना चाहिए इस्तीफा
