भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा घटना स्थल
उदयपुर, संवाद सूत्र। भीलवाड़ा जिले में 14 वर्षीया किशोरी से गैंगरेप तथा भट्टी में जिंदा जलाने के मामले में आक्रोशित गुर्जर समाज के लोगों ने रविवार को थाने में घुसने की कोशिश की। भीड़ ने थाने के बाहर तोड़फोड की तो पुलिस ने बलपूर्वक भीड़ को खदेड़ दिया।
इधर, मामले की जानकारी लेने के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(क्राइम) दिनेश एमएन कोटड़ी पहुंचे तथा मृतका के परिजनों से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने गुर्जर समाज के लोगों से भी चर्चा की।उन्होंने कहा कि यह गंभीर अपराध है, पुलिस आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास कर रही है। एडीजी ने पुलिस अधिकारियों से भी इस केस के बारे में जानकारी ली।
संगीन अपराध, फास्ट ट्रेक कोर्ट में होगी सुनवाई
एडीजी दिनेश एमएन ने कहा कि नाबालिग से गैंगरेप और उसे भट्टी में जलाना संगीन अपराध है। आरोपियों को सजा मिल सके, इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाया जाएगा। आरोपियों को जल्द से जल्द सजा हो, इसके लिए डे-टू-डे सुनवाई करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए स्पेशल पीपी भी रखा जाएगा और मामले को केस ऑफिसर स्कीम में लिया जाएगा।
अब तक 7 लोग गिरफ्तार, 2 नाबालिग डिटेन
इसने इस मामले में अब तक एक महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 2 नाबालिग को डिटेन किया है। गौरतलब है कि कोटड़ी थाना क्षेत्र के गए गांव में अपने खेत पर बकरी चराने गई 14 साल की किशोरी से दो भाइयों ने गैंगरेप कर बेहोशी की हालत में कोयले की जलती भट्टी में फैंक दिया था। आरोपी दोनों भाई अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ किशोरी के पिता के खेत में ही भट्टी से कोयला निकालने का काम करते थे।
भीलवाड़ा कांड : भीड़ ने की थाने में घुसने की कोशिश, पुलिस ने खदेड़ा
