उदयपुर. रोटरी क्लब के अविरल साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत आज सवीना, पथिक नगर स्थित वी.आई.पी. कॉलोनी बालिका विद्यालय में छात्राओं के लिए “जादुई अलमारी” भेंट की गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना और उनके अध्ययन को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब उदय की चार्टर प्रेजिडेंट एवं पूर्व प्रांतपाल शालिनी भटनागर, संयुक्त सचिव डॉ. अनीता मौर्या, क्लब एडमिनिस्ट्रेशन डायरेक्टर अशोक वीरवाल तथा रोटरी मेवाड़ के मनीष गन्ना उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से उषा चन्दालिया, प्रधानाचार्य चेतराम मीणा, सुनीता गुर्जर सहित समस्त स्टाफ एवं छात्राएं कार्यक्रम में मौजूद रहीं। विद्यालय परिवार ने रोटरी क्लब उदय का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि लगभग 20–25 दिन पूर्व भी डॉ. अनीता मौर्या एवं अशोक वीरवाल ने अपने सहयोगी विनोद संचेती के साथ मिलकर विद्यालय में टीन शेड का निर्माण कराया था।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम बताया।
अविरल रोटरी सप्ताह के तहत बालिका विद्यालय में “जादुई अलमारी” भेंट
