जिले में प्रतिबंधित केमिकल की पहली बड़ी जब्ती
प्रतापगढ़ 21 अप्रेल। प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अरनोद पुलिस और डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एमडी बनाने में प्रयुक्त होने वाला 07.387 किलोग्राम प्रतिबंधित 2-ब्रोमो-4-मिथाईलप्रोपिओफेनोन केमिकल पाउडर और 05 ग्राम एमडी जब्त की है। जब्त किए गए केमिकल और मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 05 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी आदित्य ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और सीओ चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गर्शन में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि नौंगावा निवासी आबिद खान अपने खेत के कुएं पर परिवार के साथ मिलकर एमडी तैयार करता है। इस सूचना पर अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा और डीएसटी प्रभारी प्रताप सिंह की टीमों ने संयुक्त दबिश दी। तलाशी के दौरान कुएं के पास बने पानी के हौज के पत्तों के नीचे छुपाया गया एक कट्टा बरामद हुआ, जिसमें चमकीला प्रतिबंधित केमिकल पाउडर भरा था। पास ही एक थैली में तैयार एमडी भी बरामद की गई।
हाल ही में एनडीपीएस एक्ट में शामिल हुआ है यह केमिकल
यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत सरकार ने 11 मार्च 2026 को ही गजट नोटिफिकेशन जारी कर 2-ब्रोमो-4-मिथाईलप्रोपिओफेनोन को एनडीपीएस एक्ट की श्रेणी में शामिल किया था। इस नए कानून के लागू होने के बाद प्रतापगढ़ जिले में इस प्रतिबंधित केमिकल की जब्ती की यह पहली और ऐतिहासिक कार्रवाई है।
पुलिस ने मौके से अभियुक्त आबिद खान निवासी नौगांवा थाना अरनोद को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह प्रतिबंधित केमिकल कहाँ से लाया गया था और तैयार की गई एमडी को किन-किन राज्यों या शहरों में सप्लाई किया जाना था।
