प्रतापगढ़ 14 फरवरी। प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मौत का सामान बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री को ध्वस्त किया है। पुलिस ने खेत में बनी एक झोपड़ी से भारी मात्रा में अवैध एमडी (मेफेड्रोन) और हथियार बरामद कर अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया है।
खेत की झोपड़ी में सेटअप: ₹1.60 करोड़ की ड्रग्स जब्त
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हथुनिया थाना पुलिस ने असावता-कुलथाना मार्ग पर एक सुनसान खेत में दबिश दी। यहाँ एक सीमेंट की चद्दरों वाली झोपड़ी में नशीली दवा बनाने का आधुनिक मिनी सेटअप चल रहा था। पुलिस ने मौके से 01 किलो 897 ग्राम अवैध एमडी जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से ड्रग्स बनाने के उपकरण जैसे इंडक्शन कुकर, मिक्सर, हीटर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया गया है।
दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, गुजरात और एमपी से जुड़े तार
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में मुराद खान पठान (28) निवासी असावता, प्रतापगढ़ और मोहम्मद जुनेद (48) निवासी मेहसाणा, गुजरात शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी पिछले दो दिनों से यहाँ ड्रग्स तैयार कर रहे थे। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर जीवन आंजना निवासी प्रतापगढ़ और शरीक उर्फ जेरी निवासी उज्जैन, म.प्र. फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
लोडेड पिस्टल और लग्जरी गाड़ियां बरामद
पुलिस की इस दबिश में न केवल ड्रग्स, बल्कि अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं। मुख्य आरोपी मुराद खान के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल और 05 जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक कार को भी पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। मुराद खान पहले से ही हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लिप्त रहा है।
इन्होंने दिया कार्रवाई को अंजाम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी उदयवीर सिंह ने इस पूरी रेड का नेतृत्व किया। टीम में एएसआई मनोहरसिंह, हैड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल मुकेश, गिरीश चन्द, भगवती लाल और चालक गणपत की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस फैक्ट्री से तैयार माल किन-किन शहरों में सप्लाई किया जाना था।
प्रतापगढ़ पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह: झोपड़ी में चल रही एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री का भंडाफोड़, ₹1.60 करोड़ का माल बरामद
