प्रतापगढ़ 05 फरवरी। प्रतापगढ़ जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतापगढ़ पुलिस ने शहर के बीचों-बीच चल रही एमडी (मेफेड्रोन) बनाने की फैक्ट्री के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रोहित मोगरा जैन को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला
एसपी बी आदित्य ने बताया कि 2 फरवरी की रात को कोतवाली पुलिस ने वाटर वर्क्स रोड पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। यहाँ एक किराना स्टोर और अनाज गोदाम की आड़ में एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी। पुलिस ने मौके से 106 ग्राम तैयार एमडी और 114.750 किलो लिक्विड केमिकल सहित ड्रग्स बनाने के उपकरण जैसे और बड़ी मात्रा में रासायनिक सामान जब्त किया था।
फरारी काटने पहुंचा था ससुराल
छापेमारी के दौरान आरोपी रोहित अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से भाग निकला था। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। अनुसंधान अधिकारी और अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा एवं प्रतापगढ़ थानाधिकारी शम्भुसिंह की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पता चला कि रोहित अपनी पत्नी के साथ मध्य प्रदेश स्थित अपने ससुराल में छिपकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी रोहित पुत्र दिनेश मोगरा जैन निवासी हीरा कॉलोनी को एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फैक्ट्री के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और इस नेटवर्क में कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर शिवलाल मीणा और शम्भुसिंह की टीम ने मुख्य भूमिका निभाई। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों धर्मचंद मोगरा जैन और उसके बेटे यश उर्फ श्रेयांश निवासी हाउसिंग बोर्ड की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
प्रतापगढ़ पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह: एमडी फैक्ट्री कांड का मुख्य सूत्रधार गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी रोहित चढ़ा हत्थे
