ओलंपिक के सपनों को मिली नई उड़ान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

राज्यपाल श्री बागडे ने लेक्रोज खिलाड़ियों के लिए खोले सहायता के द्वार
विवेकाधीन कोटे से स्वीकृति की 10.20 लाख रूपए की वित्तीय सहायता
उदयपुर, 28 नवम्बर। ओलंपिक खेल लेक्रोज में राजस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों को सराहते हुए राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने अपने विवेकाधीन कोटे से 10.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। यह सहायता 5 से 7 दिसंबर तक कटरा में आयोजित होने वाले द्वितीय फेडरेशन कप में सहभागिता हेतु 28 महिला व पुरुष खिलाड़ियों के लिए प्रदान की गई है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान लेक्रोज टीम ने पिछले फेडरेशन कप में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में विजेता बनकर प्रदेश का नाम रोशन किया था। इसी प्रदर्शन को दोहराने तथा आगामी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से राज्यपाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने बताया कि इस आर्थिक सहायता से खिलाड़ियों को न केवल प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर ओलंपिक मंच तक पहुंचने की संभावनाओं को भी सशक्त करेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री बागडे ने इससे पूर्व भी खिलाड़ियों से प्रत्यक्ष संवाद कर प्रोत्साहित किया था। साथ ही तृतीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 के लिए भी अपने विवेकाधीन कोटे से 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान की थी। उस प्रतियोगिता में राजस्थान टीम ने सभी छह वर्गों में पदक जीतते हुए 5 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक हासिल कर देशभर में अपना वर्चस्व स्थापित किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में 9 महिला और 5 पुरुष खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

उदयपुर जनजाति क्षेत्र और लेक्रोज खेल की प्रमुख प्रवर्तक, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने इस सहयोग को उदयपुर संभाग के जनजाति खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे  माननीय प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ‘लक्ष्य ओलंपिक’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में रराजस्थान के खिलाड़ियों की भागीदारी और मजबूत होगी। निरंतर मिल रहे सहयोग पर स्थानीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा राजस्थान लेक्रोज संघ ने राज्यपाल श्री बागडे के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!