नवभारत स्कूल एल्युमिनी मीट 2026 में छलकी पुरानी यादें

30 साल बाद मिले पूर्व विद्यार्थी, भावुक पलों के बीच लिया हर वर्ष मिलने का संकल्प
उदयपुर, 17 मई। नवभारत स्कूल के वर्ष 1996 बैच के पूर्व विद्यार्थियों की ओर से रविवार को झीलों की नगरी उदयपुर में “नवभारत एल्युमिनी मीट 2026” का आयोजन उत्साह एवं भावनात्मक माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। लगभग 30 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले सहपाठियों ने पुराने दिनों की यादों को ताजा करते हुए अपने स्कूल जीवन के संस्मरण साझा किए।

आयोजन सचिव डॉ. विष्णु बंशीवाल ने बताया कि इस बैच के कई विद्यार्थी वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं, लेकिन वर्षों बाद सभी साथियों को एक मंच पर देखकर सभी भावुक हो उठे। कार्यक्रम के दौरान मित्रता, अपनत्व और पुराने संबंधों की गर्माहट साफ दिखाई दी।

एल्युमिनी मीट में दिनभर विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व विद्यार्थियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गीत-संगीत, खेल गतिविधियों और हास्य कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी पूर्व विद्यार्थियों का उपरणा ओढ़ाकर एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सभी साथियों ने भविष्य में भी आपसी संबंधों को मजबूत बनाए रखने तथा प्रतिवर्ष इस प्रकार का आयोजन करने का संकल्प लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!