सुबह 11 बजे अधिकारी-कर्मचारी लेंगे राष्ट्रीय एकता की शपथ
उदयपुर, 30 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर शनिवार को उदयपुर जिला मुख्यालय पर रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने इसके लिए आदेश जारी सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर की ओर से आदेश के अनुसार मैराथन प्रातः 7 बजे मोती मगरी मुख्य द्वार के सामने से शुरू होकर फतहसागर की पाल (टाया पैलेस) तक आयोजित की जाएगी। आयोजन को सुचारू और सफल बनाने के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त को प्रभारी अधिकारी तथा जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के समस्त सरकारी व निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, और विभिन्न खेल छात्रावासों के छात्र-छात्राओं व खिलाड़ियों को इस दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के निर्देश दिए हैं। कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को पूरी गरिमा के साथ संपन्न कराने के निर्देश जारी किए हैं।
इसी प्रकार सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट परिसर में शपथ कार्यक्रम होगा। इसमें सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्य बनाए रखने की शपथ दोहराएंगे।
—00—
नवंबर माह की त्रिस्तरीय जनसुनवाई स्थगित
उदयपुर, 30 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव की आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के कारण नवंबर माह में आयोजित होने वाली त्रिस्तरीय जनसुनवाई को स्थगित किया गया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जन अभियोग निराकरण विभाग राजस्थान, जयपुर के निर्देशों के क्रम में नवंबर 2026 में पंचायतीराज चुनाव की घोषणा होने के कारण वर्तमान में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है जिसके चलते जिला स्तरीय, ग्राम पंचायत स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अटल जन सेवा शिविरों की जनसुनवाई को स्थगित किया गया है।
