न्यूयॉर्क, 5 अक्टूबर 2026। न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान राजसमंद की सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत श्री पी. हरीश एवं उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत श्रीमती योजना पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विभिन्न समसामयिक वैश्विक विषयों, भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग के विभिन्न आयामों पर सार्थक एवं आत्मीय विचार-विमर्श हुआ।
श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय महिलाओं का प्रभावी प्रतिनिधित्व संपूर्ण देश के साथ-साथ मेवाड़ के लिए भी अत्यंत गौरव का विषय है। वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और भारतीय महिलाओं की सक्रिय भागीदारी नए भारत की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति, सौहार्द, मानवीय गरिमा एवं विभिन्न मानवीय संकटों के समाधान में संयुक्त राष्ट्र तथा उसकी प्रमुख संस्थाओं—WHO, UNICEF और UNESCO—की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय रही है। भारत सदैव वैश्विक सहयोग, शांति और मानव कल्याण की भावना को प्राथमिकता देता रहा है।
सांसद ने विशेष रूप से मेवाड़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का उल्लेख करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ और कुंभलगढ़ केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इन ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने में UNESCO के निरंतर प्रयासों के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मेवाड़ की समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच से जोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों तक इस विरासत की गौरवगाथा को पहुंचाने के लिए संरक्षण के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक संवाद को भी बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के लिए आयोजित रात्रिभोज एवं आत्मीय आतिथ्य के लिए सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने राजदूत श्री पी. हरीश एवं राजदूत श्रीमती योजना पटेल का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
