उदयपुर। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब उदयपुर एलीट ने फतेहसागर की पाल पर विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधों का निःशुल्क वितरण कर आमजन को अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया। नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधे प्राप्त किए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
क्लब अध्यक्ष रमेश मोदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मुख्य वन संरक्षक आर.के. जैन ने किया। उन्होंने रोटरी एलीट द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस हरित अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करते हैं।
वितरण के दौरान तुलसी, चंपा, कनेर, मीठा नीम, विभिन्न सजावटी एवं फूलों के पौधों के साथ फलदार वृक्षों सहित अनेक प्रजातियों के पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
क्लब सचिव अनिता जैन ने बताया कि रोटरी एलीट द्वारा इस मानसून सत्र में तीन चरणों में पौधों का वितरण किया जाएगा, ताकि शहर में हरियाली बढ़ाने के अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिल सके।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य अजय लोढ़ा-पूनम, सुनील वस्तावत-मोनिका, पूर्व अध्यक्ष रमेश मेहता-सुशीला, हिमांशु जैन-रुचिका सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ “एक व्यक्ति-एक पौधा” का प्रेरक संदेश भी दिया।
हर घर हरियाली का संदेशः रोटरी एलीट ने फतेहसागर पर 500 पौधे बांटकर जगाई पर्यावरण चेतना
