उदयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद कस्बे में मणिपुर जैसी घिनौनी हरकत सामने आई है। जिसमें एक युवक ने अपनी पत्नी को गांव वालों के सामने निर्वस्त्र कर घुमाया। मारपीट करते हुए उसे एक किलोमीटर तक दौड़ाया।
घटना 31 अगस्त की बताई जा रही है। जिसका वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस—प्रशासन ही नहीं, बल्कि समूचे राज्य में हड़कम्प मच गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। एक भी आरोपी नहीं बख्शा जाएगा, उन्होंने शुक्रवार रात ही एडीजी क्राइम दिनेश एमएन को धरियावद भेज दिया। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं से दुर्व्यवहार के मामले में प्रदेश अव्वल नंबर पर है और सरकार को कोई चिंता नहीं।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि प्रतापगढ़ में महिला से दुर्व्यवहार मामले में 10 आरोपियों को नामजद किया है। पुलिस मुख्य आरोपी सहित आठ जनों को डिटेन कर चुकी है। जिनमें मुख्य आरोपी पति कान्हा नेतियां, बेनिया व पिंटू जबकि तमाशबीनों में शामिल पुनिया, खेतिया, मोतीलाल के अलावा एक बाल अपचारी शामिल है। पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट से उसे चोटें आई हैं। उसे सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। पीड़िता ने अपने पति कान्हा गमेती, सूरज, वेणिया, नेतिया, नाथू और महेंद्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 323, 341, 342, 354, 354ख294, 365, 120, 504, 506, 498ए, 509 और स्त्री अशिष्ट रूपन अधिनियम की धारा4/6 के अलावा आईटी एक्ट की धारा 67ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के गांव में पुलिस तैनात की गई है, जहां शांति बनी हुई है।
यह थी घटना
घटना प्रतापगढ़ जिले के धरियावाद थाने के पहाडा ग्राम पंचायत के निचलाकोटा गांव की है। यहां की एक महिला की शादी के छह महीने बाद पड़ोसी गांव ऊपला कोटा का युवक भगा ले गया था। महिला साल भर बाद 30 अगस्त को जब युवक के साथ वापस लौटी तो 31 अगस्त को पीड़िता का पति कान्हा गमेती कुछ लोगों के साथ बाइक से आया। उसका अपहरण किया और गांव के चौक में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर सड़क पर दौड़ाया।
महिला चीखती रही, किसी ने मदद नहीं की
पीड़िता का जो वीडियो वायरल हुआ, उसमें वह जोर-जोर से चीख रही है और छोड़ देने की गुहार लगा रही है। इस दौरान गांव के कई लोग मौजूद रहते हैं, लेकिन कोई उसे नहीं रोकता है। पीड़िता छह महीने की गर्भवती है।
जंगल से पकड़े गए आरोपी
पीड़िता ने एक सितंबर की रात को धरियावाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को महिला के पति औन तीन आरोपियों को उनके गांव के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी पीड़िता से मिलने धरियावद पहुंचे । उन्होंने पीडिता को दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की
राजस्थान के प्रतापगढ़ में मणिपुर जैसी घटना, गांव वालों के सामने पत्नी को निर्वस्त्र कर घुमाया
