उदयपुर, 14 अगस्त। माहेश्वरी महिला गौरव की ओर से स्थानीय होटल में सावन-भादों के पांच प्रमुख त्योहारों स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, तीज, जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव की संयुक्त थीम पर भव्य ‘पंचोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संगठन की अध्यक्ष सीमा लाहोटी ने कहा कि रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन में 65 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर उत्सव का माहौल जीवंत कर दिया। संगठन की संरक्षक कौशल्या घट्यानी एवं जनक बांगड़ के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सीमा लाहोटी ने की, जबकि सचिव रेखा के नेतृत्व में आयोजन समिति की सदस्याओं अंकिता मंत्री, अनीता मूंदड़ा, कौशल्या माहेश्वरी एवं आशा नारायणीवाल ने कार्यक्रम का संयोजन किया। कार्यक्रम में त्योहारों से जुड़ी विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने मिट्टी से आकर्षक गणेश प्रतिमाएं बनाने, स्ट्रॉ की सहायता से मक्खन निकालने सहित चार रोमांचक टीम चैलेंज में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही त्योहारी तंबोला ने भी सभी का खूब मनोरंजन किया। विभिन्न टीमों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ‘उत्सवम्’ टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि ‘मंगलम्’ टीम द्वितीय स्थान पर रहकर रनर-अप रही।
अध्यक्ष लाहोटी ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में इस तरह के आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं और त्योहारों को सहेजने के साथ-साथ महिलाओं को आपस में जुडऩे और रिश्तों में प्रेम एवं मिठास बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से त्योहार मनाने से हमारी संस्कृति की सुंदरता अगली पीढ़ी तक भी पहुंचती है। कार्यक्रम में मंजू गांधी, रेखा असवा, निर्मला काबरा, कविता बलदवा, कला गट्टयानी सहित संगठन की 65 से अधिक सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने पारंपरिक परिधानों, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आनंद लेते हुए कार्यक्रम को यादगार बनाया।
माहेश्वरी महिला गौरव ने मनाया सावन-भादों के पांच त्योहारों का पंचोत्सव
