आमजन की सुनी परिवेदनाएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 166 से अधिक परिवेदनाएं
उदयपुर, 21 मई। जिला स्तरीय जनसुनवाई तथा सतर्कता समिति की बैठक गुरुवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें आमजन की समस्याओं पर गंभीरता से सुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 166 से अधिक परिवेदनाएं प्राप्त हुईं।

जिला कलक्टर श्री अग्रवाल के निर्देश पर परिवेदनाओं की द्विस्तरीय सुनवाई की व्यवस्था रही। जनसुनवाई में आए परिवेदनाओं को दो वर्गों में बांटा गया। विभागों से जुड़ी परिवेदनाओं की एक-एक प्रति संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी को उपलब्ध कराई गई। जनसुनवाई स्थल पर ही संबंधित अधिकारी ने परिवादी को सुना और यथासंभव राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की। वहीं जिला कलक्टर ने स्वयं भी उन परिवादियों से फीडबैक लिया। इसी प्रकार उपखण्ड क्षेत्रों से जुड़ी परिवेदनाओं पर जिला कलक्टर ने वीसी के माध्यम से जुड़े उपखण्ड अधिकारियों से संवाद कर समाधान के निर्देश दिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल की गई।

जिला कलेक्टर श्री अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परिवेदनाओं का निस्तारण पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। इससे पूर्व जिला कलक्टर ने सतर्कता समिति की बैठक ली। इसमें समिति में दर्ज प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, गिर्वा एसडीएम अवुला सांइकृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जिले के सभी एसडीएम एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जनसुनवाई में जुड़े।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!