खेत में सोए किसान पर तेंदुए ने किया हमला

खुद को कुदाली से बचाया
उदयपुर। जिले के घासा थाना क्षेत्र के पीपरोली गांव में बुधवार सुबह खेत में सोए एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना में घायल व्यक्ति का घासा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब दस बजे की है। तब पीपरोली गांव का 58 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र भंवर सिंह कितावत खेत में सोया हुआ था। उसी दौरान आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। घटना के समय वह खेत में अकेला था। तेंदुए ने सोहन सिंह के हाथ, पीठ पर झपट्टा मारा था, जिससे वह घबरा गया। उसके हाथ लोहे की कुदाली लग गई, जिससे उसने खुद को बचाया। उसके शोर मचाने पर तेंदुआ भाग निकला। दूसरे खेतों पर काम कर रहे किसान मौके पर दौड़कर आए। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाया तथा वन विभाग की टीम को सूचना दी।
गौरतलब है कि पास के बंबोरा गांव में पिछले महीने एक तेंदुआ ने दिन भर आतंक मचाया था। उसके हमले में पांच ग्रामीण जख्मी हो गए थे। दो लोग इतने जख्मी हो गए कि उनको सौ टांके लगाने पड़े।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!