– जीतो लेडीज़ विंग उदयपुर के दो वर्ष के स्वर्णिम कार्यकाल का भव्य उत्सव संपन्न
उदयपुर, 4 जुलाई। जीतो लेडीज़ विंग, उदयपुर द्वारा वर्ष 2024-26 के दो वर्षीय सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में “अभ्युदय से अनंत तक” थीम पर विंडहैम ग्रैंड, फतेहसागर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पिछले दो वर्षों में संगठन द्वारा महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नेतृत्व विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को साझा करना और उन सभी सदस्यों का सम्मान करना था, जिन्होंने इस यात्रा को सफल बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर जीतो उदयपुर चैप्टर के चेयरमैन यशवंत आंचलिया, जीतो राजस्थान ज़ोन सेक्रेटरी सोनाली मारू , मुख्य सचिव अभिषेक संचेती, कोषाध्यक्ष प्रतीक हिंगड़, एडवाइजर नरेंद्र सिंघवी, राजकुमार फत्तावत, कपिल सुराणा,श्याम नागौरी, धर्मेश नवलखा सहित अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण “अभ्युदय से अनंत तक” विषय पर तैयार विशेष वीडियो प्रस्तुति रही, जिसमें पिछले दो वर्षों के दौरान जीतो लेडीज़ विंग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। वीडियो में महिला सशक्तिकरण के लिए आयोजित कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, शिक्षा एवं कौशल विकास गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण अभियानों, सांस्कृतिक एवं खेल आयोजनों, उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रमों तथा विभिन्न सेवा परियोजनाओं की प्रभावशाली झलक दिखाई गई। इन कार्यों ने संगठन को समाज में एक सशक्त एवं सेवा-समर्पित पहचान दिलाई। ज्ञात रहे पिछले दो वर्ष में जीतो लेडीज विंग ने महिला शशक्तीकरण और समाज उत्थान, आपसी सौहार्द को बढ़ाने हेतु 105 कार्यक्रम किए और 108 नए सदस्यों को संस्था से जोड़ा। कार्यक्रम में बोर्ड सदस्यों, प्रकल्प संयोजकों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को एप्रिसिएशन अवॉड्र्स प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले दो वर्षों में विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीतो उदयपुर चैप्टर के चेयरमैन यशवंत आंचलिया ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लेडीज़ विंग ने अपनी सक्रियता, समर्पण और सेवा भावना से संगठन को नई ऊर्जा एवं नई पहचान प्रदान की है। जीतो लेडीज़ विंग ने सेवा, संगठनात्मक एकता और नवाचार के माध्यम से समाज में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
वहीं जीतो राजस्थान ज़ोन सेक्रेटरी सोनाली मारू ने कहा कि उदयपुर लेडीज़ विंग ने महिला नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठनात्मक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श स्थापित किया है।
लेडीज़ विंग की चेयरपर्सन अंजलि सुराना ने कहा कि “अभ्युदय से अनंत तक” केवल एक समारोह नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, विश्वास और टीमवर्क से तय हुई दो वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि कार्यकाल की प्रत्येक उपलब्धि सभी सदस्यों, बोर्ड, चैप्टर पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं प्रायोजकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
मुख्य सचिव ऋतु मारू ने बताया कि यह आयोजन केवल कार्यकाल की पूर्णता का नहीं, बल्कि उन सभी सदस्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर था, जिन्होंने संगठन की प्रत्येक गतिविधि को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में जीतो लेडीज़ विंग ने सेवा, बहनापे, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में जो मजबूत पहचान बनाई है, उसी प्रेरणा के साथ संगठन भविष्य में भी समाजहित में नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह, धन्यवाद ज्ञापन एवं स्नेह भोज के साथ हुआ। पूरे आयोजन में आत्मीयता, उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी तथा “अभ्युदय से अनंत तक” की थीम ने सभी सदस्यों को सेवा और संस्कार की इस यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
जीतो लेडीज विंग ने मनाया द्वितीय स्वर्णिम काल उत्सव, अभ्युदय से अनंत तक थीम के अंतर्गत कार्यक्रम हुए आयोजित
