भारतीय डाक विभाग की अंतर्राष्ट्रीय सेवाएं आमजन के लिए आसान व सुलभ

अब दुनिया होगी और करीब
200 से अधिक देशों तक तेज, सुरक्षित और किफायती डाक सुविधा उपलब्ध
उदयपुर, 28 अप्रैल। भारतीय डाक विभाग द्वारा आम नागरिकों को वैश्विक स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय डाक सेवाओं का विस्तार किया गया है। उदयपुर डाक मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी प्रधान डाकघरों एवं उप डाकघरों में अब अंतर्राष्ट्रीय मेल की सुविधा उपलब्ध है, जिससे आमजन आसानी से विदेशों में पत्र, दस्तावेज एवं पार्सल भेज सकेंगे।

प्रवर अधीक्षक ने बताया कि डाक विभाग द्वारा दी जा रही इन सेवाओं के माध्यम से ग्राहक 200 से अधिक देशों में अपनी सामग्री भेज सकते हैं। विभाग की यह पहल खासतौर पर व्यापार, शिक्षा और व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है, जिससे वैश्विक संपर्क और अधिक सुलभ हो सके।

यह हैं मुख्य सेवाएं
ईएमएस (एक्सप्रेस मेल सेवा) – यह सबसे तेज सेवा है, जिसके माध्यम से दस्तावेज एवं सामान कम समय में विश्व भर में भेजे जा सकते हैं।
अंतर्राष्ट्रीय पार्सल सेवा – इस सेवा के तहत 35 किलोग्राम तक के पार्सल विदेश भेजने की सुविधा उपलब्ध है। (गंतव्य देश के अनुसार वजन सीमा अलग हो सकती है।)
आईटीपीएस (इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सर्विस) – ई-कॉमर्स शिपमेंट के लिए उपयुक्त यह सेवा सामान्यतः 2 किलोग्राम तक के पार्सल के लिए उपयोगी है। (5 किलोग्राम तक संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए)

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
ग्राहक क्लिक एंड बुक सेवा के जरिए घर बैठे भी अंतर्राष्ट्रीय डाक बुक कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी डाकघर में जाकर भी यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है। डाक शुल्क पार्सल के वजन (भौतिक एवं आयतन आधारित) और गंतव्य देश के अनुसार निर्धारित किए जाते हैं। इंडिया पोस्ट के माध्यम से ये सेवाएं प्रतिस्पर्धात्मक दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को किफायती विकल्प मिल सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय अंतर्राष्ट्रीय डाक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर आसानी से जुड़े रह सकें। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क करें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!