श्री पीताम्बरा आश्रम में हनुमान जयन्ती महोत्सव

आधी रात तक हनुमद् भक्ति अनुष्ठान में रमे रहे श्रृद्धालु
मारुति यज्ञ एवं हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ की गूंज रही
भजन संध्या में साधिकाओं ने बहायी हनुमान भक्ति धाराएं

बांसवाड़ा, 24 अप्रेल/गायत्री मण्डल की ओर से श्री पीताम्बरा आश्रम में आयोजित हनुमान जयन्ती महोत्सव मंगलवार आधी रात सामूहिक आरती विधान एवं पुष्पांजलि के साथ सम्पन्न हो गया। महोत्सव के अन्तर्गत बहुआयामी कार्यक्रमों ने हनुमान भक्ति और श्रद्धा के रंग-रसों की वृष्टि करते हुए भीतर तक आनन्दित व आह्लादित किया।

श्री पीताम्बरा आश्रम स्थित श्री हनुमत्पीठ परिसर में प्रतिष्ठित हनुमान श्री विग्रह का मनोहारी श्रृंगार कर दीप श्रृंखलाओं की साक्षी में विविध सुगंधित पुष्पों से सहस्रनामावलि से श्रीमती नीना गुप्ता एवं श्रीमती मंजु शुक्ला द्वारा पुष्पार्चन किया गया। देर रात तक क्रमिक रूप से हनुमान चालीसा एवं हनुमान मंत्रों के पाठ हुए।

हनुमान के हजार नामों से महायज्ञ : श्री हनुमत्पीठ में श्री मारुति महायज्ञ पं. आशीष पण्ड्या(पिण्डारमा) के आचार्यत्व में हुआ। इसमें हनुमान सहस्रनामावली, हनुमान अष्टोत्तरशत नामावली, मारुति मंत्रों आदि से विधि-विधान पूर्वक यज्ञार्चन हुआ। श्री मारुति महायज्ञ में पूर्णाहुति विधान गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता एवं श्रीमती प्रीति गुप्ता ने किया।

इसमें गायत्री मण्डल के संरक्षक पं. नरहरिकान्त आर. भट्ट, पं. चन्द्रेश व्यास, श्रीमती पुष्पा व्यास, लोकेश व्यास एवं श्रीमती दीक्षा व्यास ने यज्ञ में आहुतियां दीं। इस दौरान् एड्वोकेट राजेन्द्र शुक्ल, गायत्री मण्डल के उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, सचिव विनोद शुक्ल, कार्यकारिणी सदस्य अनन्त जोशी एवं अरुण व्यास, हिरेन उपाध्याय, कार्यक्रम समन्वयक पं. मनोज नरहरि भट्ट, अजय अधिकारी आदि उपस्थित थे।

मारुति स्तवन अनुष्ठान : यज्ञ पूर्णाहुति के बाद सामूहिक मारुति स्तवन एवं हनुमान स्तोत्र पाठ कार्यक्रम हुआ। इसमें पं. सुशील त्रिवेदी, कार्यकारिणी सदस्य कमलकान्त भट्ट, पीताम्बरा परिषद के सह संयोजक पं. मधुसूदन व्यास, रमेश आर. भट्ट, अनिल पण्ड्या, पं. अरविन्द पाठक, पं. अनिल एनएच भट्ट, भव्य पाठक, गिरीश जोशी ‘रामायणी’ आदि ने समवेत स्वरों में पठन एवं गायन किया।

संगीतमय हनुमान चालीसा : महोत्सव के अन्तर्गत गायत्री मण्डल के संरक्षक प्रो.(डॉ.) राजेश जोशी एवं मण्डली द्वारा संगीतमय हनुमान चालीसा की प्रस्तुति ने मन मोह लिया। हनुमान भक्तों ने भक्तिभावपूर्वक सुन्दरकाण्ड के पाठ भी किए।

भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का ज्वार :इसके उपरान्त गायत्री मण्डल की महिला शाखा ‘पीताम्बरा शक्ति’ की ओर से हनुमान भक्ति भजन संध्या हुई। इसमें लोकवाद्यों की संगत पर हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ ही हनुमान भक्तिपरक भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं के समूह झूमते रहकर अपनी अगाध आस्था और श्रृद्धा का दिग्दर्शन कराते रहे।

भजन संध्या में प्रीति गुप्ता, रचना व्यास, कल्पना डिण्डोर, चार्वी, वनिता पाठक, प्राची पाठक, कुमुदिनी त्रिवेदी, किरणबाला शुक्ला, प्रेरणा उपाध्याय, देवीसिंह आदि ने एक से बढ़कर एक भजनों की माधुर्यपूर्ण प्रस्तुति कर माहौल को दिव्य स्वरूप प्रदान किया।

मंगलवार अर्धरात्रि हनुमद् आरती एवं पुष्पांजलि विधान हुआ। इसमें चन्द्रेश व्यास, पुष्पा व्यास, अनिल एनएच भट्ट, निखिल सोनी, द्रोमिल त्रिवेदी, पं. विनय भट्ट आदि ने हिस्सा लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!