उदयपुर, 29 जुलाई। यूसीसीआई भवन के निकट संचालित राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर द्वारा ‘‘हरियालो राजस्थान मिशन‘‘ के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों के सहयोग से आमजन के लिए निःशुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ राजस्थान के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। इच्छुक नागरिक राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि अधिकाधिक संख्या में अभियान से जुड़ें, निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, उनका रोपण करें तथा हरियालो राजस्थान ऐप पर अपना पंजीकरण कर पौधारोपण की जियो-टैग्ड फोटो एवं आवश्यक विवरण अपलोड करें। हरियालो राजस्थान ऐप में लॉगिन करने के उपरांत पौधारोपण प्रकार में सरकारी का चयन करें तथा विभाग के रूप में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चयन कर आवश्यक प्रविष्टियाँ दर्ज करें, जिससे पौधारोपण का अभिलेखीकरण एवं निगरानी सुनिश्चित की जा सके। प्रविष्टि से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा तकनीकी सहायता के लिए आस्था शर्मा, वैज्ञानिक अधिकारी (मोबाइल नं. 7023644955) एवं श्री हर्ष रोत, कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता (मोबाइल नं. 9680293287) से संपर्क किया जा सकता है।
हरियालो राजस्थान मिशन के अंतर्गत निःशुल्क पौध वितरण
