हल्दीघाटी विजय संकल्प अनवरत गुंजाने के संकल्प के साथ हुआ ध्वजावतरण

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

—गत वर्ष 18 जून को हल्दीघाटी विजय संदेश यात्रा के साथ हल्दीघाटी से लाया गया था पत्रित्र माटी का कलश व ध्वज

उदयपुर, 18 जून। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु: शती समारोह के वर्ष भर के आयोजन सम्पन्न होने के साथ ही प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में पिछले वर्ष हल्दीघाटी विजय दिवस पर स्थापित किया गया ध्वज गुरुवार को जयकारों के साथ उतारा गया।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के हल्दीघाटी युद्ध विजय के 450वें वर्ष के तहत पिछले वर्ष 18 जून को हल्दीघाटी विजय दिवस पर हल्दीघाटी से उदयपुर तक हल्दीघाटी विजय संदेश यात्रा निकाली गई थी। इससे पूर्व,  खेड़ा देवी मंदिर परिसर में राष्ट्र चेतना यज्ञ हुआ था। हल्दीघाटी विजय संदेश यात्रा के प्रताप गौरव केन्द्र पहुंचने के बाद हल्दीघाटी की माटी के कलश और ध्वज को प्रताप गौरव केन्द्र परिसर में स्थापित किया गया था।

सक्सेना ने बताया कि हल्दीघाटी विजय के संदेश को वर्ष भर विश्व में गुंजाने के संकल्प के तहत पूरे वर्ष विभिन्न आयोजन हुए। सौभाग्य से इस वर्ष 18 जून से ठीक एक दिन पहले ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया पर महाराणा प्रताप जयंती भी आई और विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत का उद्बोधन प्राप्त हुआ।

वर्ष भर के आयोजनों के समापन के तहत गुरुवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, महावीर चपलोत सहित अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों की उपस्थिति में महाराणा प्रताप के जयकारों के साथ ध्वजावतरण किया गया। इस दौरान हल्दीघाटी विजय के संदेश को अनवरत गुंजायमान रखने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

प्रताप गौरव केन्द्र में दो दिन और रहेगी शुल्क में छूट

—वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु: शती समारोह के अवसर पर प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के दर्शन शुल्क में छूट दो दिन और जारी रहेगी। समारोह के तहत दर्शन का शुल्क 50 रुपये रखा गया है। शुल्क में यह छूट 20 जून तक जारी रहेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!