33 प्रश्न पूछे जाएंगे, सही और स्पष्ट जवाब देने की बाध्यता
उदयपुर, 18 मई। जनगणना 2027 अंतर्गत उदयपुर जिले में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान चिन्हिकरण कार्य के तहत 16 मई से फिल्ड सर्वे कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके तहत प्रगणक/पर्यवेक्षक घर-घर दस्तक दे रहे हैं।
जिला जनगणना अधिकारी एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक द्वारा आमजन से 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें जनगणना मकानों के फर्श/दीवारो/छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, मकानों के उपयोग की स्थिति आवासीय/गैर आवासीय, वर्ग की स्थिति अनुसूचित जाति/अनुसूचित जन जाति या अन्य, मकान की स्थिति, पेयजल स्त्रोत की उपलब्धता, पेयजल का मुख्य स्त्रोत, प्रकाश का मुख्य स्त्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गदें पानी की निकासी, परिसर के अन्दर स्नान की सुविधा की उपलब्धता, रसोई घर और एलपीजी/पीएनजी गैस कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईधन, रेडियो/स्मार्टफोन/टेलिविजन की उपलब्धता, इंटरनेट तक पहुँच, लैपटाॅप/कंप्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन और मोबाइल फोन/स्मार्टफोन की उपलब्धता, साईकिल और स्कूटर/मोटरसाईकिल मोपेड की उपलब्धता, कार/जीप/वैन की उपलब्धता, परिवार द्वारा उपभोग किए जाने वाला मुख्य अनाज आदि प्रश्न शामिल रहेंगे।
श्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार अधिसूचना दिनांक 06.04.2026 के तहत् आमजन द्वारा जनगणना 2027 से सम्बन्धित जनगणना कार्यों में पूर्ण सहयोग और जनगणना अधिकारियों/प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों की सही एवं स्पष्ट सूचना उपलब्ध करवाने हेतु बाध्यता है। साथ ही जनगणना की सूचना एकत्र करने वाले जनगणना कार्मिको को मकान या अन्य स्थान में प्रवेश की अनुमति दी जावें। आमजन के दायित्व तथा असहयोग करने, बाधा पंहुचाने पर दंड प्रावधान भी किया गया है। जनगणना आंकड़ों की गोपनीयता अधिनियम 1948 की धारा 15 के अनुसार तथा सूचना के अधिनियम 2005 की धारा 8(1) के अनुसार प्रकटीकरण से छूट प्रदान की गई है।
जिला कलक्टर ने की अपील
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कार्मिकों को पूर्ण सहयोग करें। कार्मिकों की ओर से पूछे जाने वाले प्रश्नों का सही और स्पष्ट जवाब दे कर ‘जनगणना से जन कल्याण‘ के इस महा-अभियान को सफल बनाएं।
