8 साल से फरार नकलची इनामी बदमाश जयपुर से गिरफ्तार

100 से ज्यादा कोचिंग-लाइब्रेरी खंगाली तब पकड़ा गया
उदयपुर, 6 जुलाई । राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी ) की तरफ से वर्ष 2015 में हुई जूनियर एकाउंटेंट भर्ती परीक्षा में नकल करने वाले 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी सुनील (27) पिता रतनाराम विश्नोई को पुलिस ने गुरुवार को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुनील जालौर जिले के मीरपुरा का रहने वाला था और पुलिस को उसके जयपुर में होने की जानकारी मिली थी । उसे गिरफ्तार करके पुलिस गोगुंदा थाने लाई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बीते 8 साल से फरार था, जिसे पकड़ने में पुलिस को पसीने छूट गए। मामले में एडीजी क्राइम ब्रांच दिनेश एमएन ने उदयपुर आईजी अजयपाल लांबा को इस संबंध में विशेष निर्देश दिए थे। इसके लिए एसपी भुवन भूषण यादव द्वारा विशेष टीम गठित कर लंबी छानबीन के बाद आरोपी को जयपुर से पकड़ा गया।
पुलिस ने जयपुर के 100 से ज्यादा कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी में जा-जाकर आरोपी को खंगालने की कोशिश की। पुलिस को मुखबिर या अन्य तकनीकी साधनों से आरोपी के किसी कोचिंग या लाइब्रेरी में ही मिलने का अनुमान था। आखिरकार पुलिस ने जयपुर के त्रिवेणी इलाके से इसे पकड़ लिया। जहां आसपास बड़ी संख्या में लाइब्रेरी और कोचिंग हैं। आरोपी को पकड़ने में हैड कांस्टेबल करतार सिंह, चन्द्र कुमार और हरेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
ये था मामला
आरपीएससी की तरफ से वर्ष 2015 में हुई जूनियर अकाउंटेंट भर्ती परीक्षा-2013 का आयोजन हुआ था। आरोपी रतनाराम विश्नोई पर इस भर्ती में माइक्रो सेल और माइक्रो ब्लूटूथ के जरिए नकल करने का आरोप था।
इसको लेकर आरोपी रतनाराम पर मामल दर्ज किया गया था। आरोपी के नहीं पकड़े जाने पर पुलिस ने इसे पकड़ाने पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अब 8 साल बाद पुलिस आरोपी को पकड़ सकी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!