उदयपुर, 4 मई। प्रदेश की उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी मंगलवार को उदयपुर आएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डिप्टी सीएम दोपहर 12 बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके पश्चात विधायक उदय लाल डागी के निवास पहुंचकर उनके स्वर्गीय पिताजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देंगी।
डिप्टी सीएम 12ः30 बजे उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी, जो चेम्बर भवन, एम.आई.ए. मादड़ी स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। वे दोपहर 1ः15 बजे चेम्बर भवन के मीटिंग हॉल में सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगी। वे 3 बजे गांवगुड़ा राजसमंद के लिए प्रस्थान करेंगी।
कटारिया करेंगे जन आरोग्य लीवर क्लिनिक व कॉर्डियोलॉजी कैथ लैब का लोकार्पण
आरएनटी के विकास और एमबी चिकित्सालय के उन्नयन पर बैठक की करेंगे अध्यक्षता
उदयपुर, 04 मई। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया मंगलवार को शहर में चिकित्सा क्षेत्र की दो बड़ी सौगातें आमजन को अर्पित करेंगे। वे महाराणा भूपाल चिकित्सालय के सुपर स्पेशलिटी विंग में जन आरोग्य लीवर क्लिनिक एवं कॉर्डियोलॉजी विभाग में नई कैथ लैब का लोकार्पण करेंगे। उनके साथ शहर विधायक ताराचंद जैन भी उपस्थित रहेंगे।
रवीन्द्र नाथ टैगोर राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ राहुल जैन ने बताया कि कटारिया दोपहर करीब सवा बारह बजे एमबी चिकित्सालय परिसर पहुंचेंगे और लगभग सवा दो घंटे वे परिसर में रहेंगे। इस दौरान सुपर स्पेशलिटी विंग में नवनिर्मित जन आरोग्य लीवर क्लिनिक का उद्घाटन करेंगे। तत्पश्चात वे हिंदुस्तान जिंक द्वारा सीएसआर के तहत स्थापित नई कार्डियोलॉजी पैथ लैब का लोकार्पण करेंगे। जैन ने बताया कि कटारिया आरएनटी प्रशासनिक भवन में एक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे जिसमें मेडिकल कॉलेज के विकास एवं एमबी चिकित्सालय के उन्नयन पर विमर्श होगा। बैठक में शहर विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, एमबी अस्पताल अधीक्षक डॉ आर एल सुमन सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व चिकित्साधिकारी उपस्थित रहेंगे।
