अघोषित बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का विद्युत विभाग पर प्रदर्शन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, बार-बार विद्युत ट्रिपिंग तथा सुचारू विद्युत आपूर्ति नहीं होने से आमजन को हो रही भारी परेशानियों के विरोध में गुरूवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया तथा अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी, किसान एवं छोटे उद्योग-धंधे गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। शहर के अनेक क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय लगातार ट्रिपिंग एवं लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अघोषित बिजली कटौती के कारण पेयजल व्यवस्था, घरेलू कार्य, व्यापारिक गतिविधियां तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यदि विभाग ने शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में और व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव हितांशी शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लोकेश चौधरी, दलपत सिंह चुंडावत, सुधीर जोशी, दीपक व्यास, मोहम्मद अयूब अली कोसर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!