उदयपुर, 23 मार्च। आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर का 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हरिश्चंद माथुर लोक प्रशासन संस्थान में शनिवार को हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में रीपा की एडिशनल डायरेक्टर रागिनी डामोर, आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ भूपेन्द्र शर्मा, विशिष्ट अतिथि उपनिदेशक डॉ राजीव भट्ट, प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ घनश्याम मीणा वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ.विनोद सैनी, सहायक नोडल अधिकारी डॉ शोभालाल औदीच्य ने बतौर अतिथि संभागियों को संबोधित किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सकों को नवीन तकनीक एवं संस्थागत आधारभूत ढांचे के साथ अति आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के बारे में अधिक उन्नत किया जाना हैं। पूरे प्रदेश में चल रहे वैलनेस सेंटर्स को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदलकर अधिक उन्नत सेवाएं आम जन तक पहुंचाने का भारत सरकार का उद्देश्य है। इस अवसर पर डॉ विष्णु बंशीवाल, डॉ शैलेंद्र शर्मा, डॉ संजय माहेश्वरी, कंचन कुमार डामोर, परिचारक निर्भय सिंह, लालूराम गमेती ने सेवाएं दी। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
धुलण्डी पर बर्ड पार्क, सज्जनगढ़ अभयारण्य, बाघदड़ा सेंचुरी बन्द
उदयपुर, 23 मार्च। होली पर्व के अगले दिन धुलण्डी के अवसर पर 25 मार्च को बर्ड पार्क, सज्जनगढ़ अभयारण्य, जैविक उद्यान सज्जनगढ़, बाघदड़ा क्रोकोड़ाईल कन्जर्वेशन रिजर्व बन्द रहेगें एवं आम जनता के लिए प्रवेश निषेध रहेगा। यह जानकारी उप वन संरक्षक (वन्यजीव) डीके तिवारी ने दी।
