रंगोदय में सजेंगे देशभर के कलाकारों की कला के रंग

11 से 16 जुलाई तक चलेगी पोइट्री इन कलर्स प्रदर्शनी
उदयपुर, 10 जुलाई। आर्टिस्ट कॉन्सिल ऑफ इंडिया के कलाकार समूह की ओर से छह दिवसीय कला प्रदर्शनी रंगोदय का शुभारम्भ शुक्रवार 11 जुलाई को सांयकाल 4 बजे चरक मार्ग स्थित टखमण-28 आर्ट गेलेरी में होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कश्ती फाउंडेशन की संस्थापक श्रद्धा मुर्डिया होंगी। टखमण-28 के चेयरमेन प्रो. सुरेश शर्मा अध्यक्षता करेंगे एवं संदीप पालीवाल व ललित शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे।

पोइट्री इन कलर्स थीम पर आधारित प्रदर्शनी रंगोदय 16 जुलाई तक चलेगी और प्रतिदिन प्रातः 11 से सांयकाल 7 बजे तक कलाप्रेमियों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में अजीत वर्मा, डॉ भारत भूषण, डॉ चंद्रशेखर काले, डॉ सूर्यस्नाता मोहंती, डॉ सुदर्शन पाल सिंह, मनोज पवार, रेणु सांगवान, शेलेंद्र सिंह, सुमित्रा अहलावत, वीनिता शर्मा जैसे देशभर के नामचीन कलाकारों के साथ ही शहर के सुप्रसिद्ध कलाकार चेतन औदिच्य एवं डॉ चित्रसेन की पेंटिंग्स प्रदर्शित की जाएंगी।

सलिला बाल साहित्य अलंकरण-2025 सम्मानों की घोषणा
उदयपुर, 10 जुलाई। सलिला संस्था की ओर से प्रतिवर्ष दिए जाने वाले अखिल भारतीय स्तर पर विभिन्न बाल साहित्य अलंकरण सम्मानों घोषणा की गई है।  सलिला संस्था अध्यक्ष डॉ. विमला भंडारी ने बतया कि वर्ष  2025 का शीर्षस्थ सलिला शिखर सम्मान दिल्ली के डॉ. संजीव कुमार को उनकी दीर्घकालीन साहित्यिक सेवाओं के तहत 2025 में प्रकाशित पुस्तक “बाल साहित्य का अभिनव इतिहास” के लिए अर्पित किया जाएगा। इस वर्ष का सलिला विशिष्ट साहित्य सम्मान जयपुर के सूरजसिंह नेगी एवं बनस्थली विद्यापीठ की डॉ. मीना सिरोला को साहित्य की पत्र लेखन विधा के अंतर्गत किए जाने वाले कार्य “पाती लेखन मुहिम” प्रयासों को संयुक्त रूप से अर्पित किया जाएगा। इस वर्ष की सलिला साहित्य रत्न सम्मान चार पुस्तकों पर जारी किए गए हैं। लखनऊ के जीशान जैदी की पुस्तक बाल उपन्यास की सीरीज “सूरेन का हीरो”, नोएडा की मीनू त्रिपाठी की द्विभाषी पिक्चर बुक “उकड़ू उल्लू का चश्मा”, “बाल किरण पत्रिका के बाल साहित्य समीक्षा के विशेषांक के लिए संपादक श्रीलाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को एवं डॉ. प्रभात कुमार सिंघल की पुस्तक “बाल मन तक” के लिए “सलिला साहित्य रत्न” अलंकरण अर्पित कर सम्मानित किया जाएगा।

भंडारी ने बताया कि उदयपुर में आगामी 24 अगस्त को आयोजित होने वाले 16वें राष्ट्रीय बाल साहित्यकार सम्मेलन समारोह में यह सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर बाल गीत प्रतियोगिता के टॉप टेन विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। नवीन पुस्तकों के लोकार्पण, समीक्षा और बाल साहित्य विषय पर शोधपत्रों पर केंद्रित विषय विशेषज्ञो के उद्बोधन विभिन्न सत्रों का आयोजन इस सम्मेलन की विशेषता रहेंगे। देश के 10 राज्यों से राजस्थान के 12 जिलों से बाल साहित्यकार सम्मिलित होंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!