विश्व शांति के लिए किया शांति विधान, गांव के सरकारी स्कूल के 1500 बच्चों को करवाया भोजन
उदयपुर, 9 जुलाई। जैन समाज के प्रेरणास्रोत, वंदनीय एवं अनुकरणीय त्यागीव्रती स्व. सोहनलाल मालवी (काकसा) के पंचम पुण्य स्मरण दिवस का आयोजन गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं भावपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में परिवारजनों, समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर काकसा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रात:काल श्रीजी अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात मंदिरजी में शांतिविधान का आयोजन आर्यिका चैत्यमती एवं सुहितमती के सानिध्य में संपन्न हुआ । दोपहर में आयोजित स्वामीवात्सल्य में समाज एवं विद्यालय के लगभग 1500 विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। सायंकाल कुलदेवता की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सोहनलाल मालवी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि एवं चरण वंदना कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रात्रि में झाड़ोल नोहरा में आयोजित भव्य भक्ति संध्या में श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की। त्यागीव्रती मालवी के पुत्र केशुलाल, हीरालाल, निर्मल कुमार एवं शांतिलाल ने बताया कि उनके पिताजी का संपूर्ण जीवन धर्म, संस्कार, सेवा, त्याग एवं पारिवारिक मूल्यों का अनुपम उदाहरण रहा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से पारिवारिक एकता, प्रेम एवं संस्कारों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया । कार्यक्रम के सफल आयोजन में मालवी परिवार के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए स्व. मालवी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
त्यागीव्रती सोहनलाल मालवी का पंचम पुण्य स्मरण दिवस मनाया
