व्यापारी और व्यापार देश की रीढ़ हैं : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

10 अगस्त से शुरू होगा राष्ट्रीय व्यापारी अभियान भारतीय सामान, हमारा स्वाभिमान
–  देशभर के 48000 व्यापारिक संगठन जुड़ेंगे इस मुहिम से
– संसद भवन में कैट नेशनल गवर्निंग काउंसिल मीटिंग का आयोजन

उदयपुर, 05 अगस्त। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि व्यापारी और व्यापार देश की रीढ़ की हड्डी हैं। व्यापारी केवल रोजगार सृजन में ही नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति में भी अहम भूमिका निभाते हैं। वे देश की आर्थिक धारा को दिशा देने वाले प्रमुख स्तंभ हैं।  यह बात मंगलवार को संसद भवन में आयोजित कैट नेशनल गवर्निंग काउंसिल मीटिंग के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम में देशभर से आए लगभग 150 प्रमुख व्यापारी नेताओं को संबोधित करते हुए कही।
उदयपुर की प्रेसिडेंट एवं मेवाड़ रीजन इंचार्ज विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने बताया कि कार्यक्रम में लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि बदलते आर्थिक परिवेश को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों को अपने कार्य के स्तर को और ऊंचा उठाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि व्यापारी वर्ग से जुड़े किसी भी मुद्दे को उनके संज्ञान में लाया जाए, तो वे उसे संसद में उठाने का प्रयास अवश्य करेंगे।
कैट उदयपुर चैप्टर के संरक्षक मनीष गलुंडिया और कैट वूमेन विंग उदयपुर की प्रेसिडेंट एवं मेवाड़ रीजन इंचार्ज विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में कैट कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया एवं महामंत्री एवं नई दिल्ली चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में यह चर्चा हुई। जिसमें बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की बात दोहराई। भारतीय  सामान, हमारा स्वाभिमान अभियान के तहत 10 अगस्त 2025 से स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने हेतु एक राष्ट्रव्यापी अभियान प्रारंभ किया जाएगा। खंडेलवाल ने कहा कि यह अभियान देश के 48000 व्यापारिक संगठनों के माध्यम से इस मुहिम को संचालित किया जाएगा।
कैट उदयपुर चैप्टर अध्यक्ष दिनेश चोरडिय़ा, सेक्रेटरी महेंद्र तलेसरा, कैट वूमेन विन सचिव डॉ सोनू जैन ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया, रैली जनसंवाद, बैठकें, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता, समाज के हर वर्ग को जोडऩे के प्रयास किया जाएगा एवं केवल स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग व विक्रय हेतु प्रेरणा दी  जाएगी ताकि भारतवासी अधिक से अधिक मात्रा में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएं। कैट का उद्देश्य है भारत को आत्मनिर्भर बनाना, भारतीय व्यापार को सशक्त बनाना। यह अभियान उसी दिशा में एक सशक्त कदम है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!