अलवर दुर्ग के भीतर निकुंभ शासकों द्वारा निर्मित महल परंपरागत हिंदू स्थापत्य के उत्कृष्ट उदाहरण
पूर्वी राजस्थान के पर्वतीय दुर्गों में अलवर का बाला किला प्रमुख और उल्लेखनीय है। अरावली पर्वतमालाओं से आवृत एक उन्नत पर्वत शिखर पर बना यह दुर्ग एक सजग प्रहरी की तरह अलवर के मुकुट के समान शोभायमान हैं।अनियमित आकार की पर्वत श्रेणियों पर मीलों तक फैली इसकी सुदृढ़ प्राचीर ऐसी प्रतीत होती है मानो प्रकृतिदेवी अनेक लड़ियों वाला हार पहने हुए हो। नैसर्गिक सौंदर्य से ओतप्रोत यह किला बीते युग की रोमांचक दास्तान संजोए हुए है। अलवर का किला एक प्राचीन दुर्ग है। दुर्ग के निर्माताओं के बारे में प्रामाणिक जानकारी का अभाव है। जनश्रुति के अनुसार विक्रम संवत 1106…
