मुनि आदित्य सागर जी के चातुर्मास को लेकर बड़ी तैयारी, अशोक कुमार शाह बने वर्षायोग समिति अध्यक्ष

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

12 जुलाई को होगा मंगल प्रवेश, धर्म-साधना और सेवा के महापर्व के लिए समिति का गठन
उदयपुर, 28 जून। परम पूज्य आचार्य 108 श्री विशुद्ध सागर जी गुरुदेव के सुयोग्य शिष्य मुनि 108 श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के वर्षायोग (चातुर्मास) 2026 की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। उदयपुर के श्री आदिनाथ दिगंबर जैन चौरिटेबल ट्रस्ट, हिरणमगरी सेक्टर-11 को इस वर्ष के पावन चातुर्मास का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। गुरुदेव ससंघ का मंगल प्रवेश 12 जुलाई को आदिनाथ भवन में होगा, जिसके साथ धर्म, साधना और आत्मकल्याण के इस महापर्व का शुभारम्भ होगा।
चातुर्मास की समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से 27 जून को ट्रस्ट मंडल की आमसभा आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से वर्षायोग (चातुर्मास) समिति-2026 का गठन किया गया तथा वरिष्ठ समाजसेवी अशोक कुमार शाह को समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
शाह ने पूर्व में आचार्य 108 श्री तरुण सागर जी महाराज, आचार्य 108 श्री पुलक सागर जी महाराज एवं आचार्य 108 श्री प्रसन्न सागर जी महाराज के भव्य चातुर्मास एवं वर्षायोग आयोजनों का सफल नेतृत्व कर उत्कृष्ट संगठन क्षमता का परिचय दिया है। उनके अनुभव एवं कुशल नेतृत्व को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।
समिति में शांतिलाल वेलावत को परम संरक्षक, भंवरलाल मुंडलिया को महामंत्री तथा महावीर प्रसाद सिंघवी को मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया। नवगठित समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
आमसभा में उपस्थित ट्रस्ट सदस्यों एवं समाजजनों ने विश्वास जताया कि मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित होने वाला यह चातुर्मास आध्यात्मिक जागरण, संस्कार निर्माण, सेवा एवं सामाजिक समरसता का अनुपम केंद्र बनेगा। साथ ही समाज के सभी वर्गों से आयोजन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग देने का आह्वान किया गया।
उदयपुर में होने वाले इस बहुप्रतीक्षित वर्षायोग को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है और श्रद्धालु गुरुदेव के मंगल आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!