डूंगरपुर में दिव्यांगजन स्कूटी योजना का कोटा बढ़ाने हेतु बंशीलाल कटारा ने कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत को लिखा पत्र; वर्तमान कोटे  बताते हुए 200 से 250 स्कूटी आवंटित करने की मांग की

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
डूंगरपुर। भारतीय जनता पार्टी  नेता और विधानसभा क्षेत्र-158 के प्रत्याशी बंशीलाल कटारा ने डूंगरपुर जिले के दिव्यांग भाई-बहनों के कल्याण और समावेशी समाज के निर्माण हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। श्री कटारा ने राजस्थान सरकार के सामाजिक कल्याण विभाग के कैबिनेट मंत्री माननीय अविनाश गहलोत को पत्र भेजकर डूंगरपुर जिले में ‘दिव्यांगजन स्कूटी योजना’ के तहत आवंटित स्कूटी का कोटा बढ़ाने की आधिकारिक मांग की है।
श्री कटारा ने बताया कि डूंगरपुर जिले की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति और दिव्यांगों की व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए वर्तमान में निर्धारित कोटा अत्यंत कम है। विगत वित्तीय वर्ष 2025-2026 में सरकार द्वारा डूंगरपुर जिले के लिए मात्र 45 स्कूटियों का कोटा निर्धारित किया गया था, जिसके विपरीत जिले से लगभग 500 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। लक्ष्य बेहद कम होने के कारण सैकड़ों पात्र और जरूरतमंद दिव्यांगजन इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ से पूरी तरह वंचित रह गए हैं, जिससे उनमें भारी निराशा है।
श्री कटारा ने ‘आपणो संस्थान राजस्थान’ (शाखा: डूंगरपुर) एवं समस्त जिलावासियों की ओर से कैबिनेट मंत्री से सहृदय प्रार्थना करते हुए निम्नलिखित दो प्रमुख बिंदुओं पर विशेष राहत प्रदान करने का आग्रह किया है:
विशेष राहत की मांग: वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-2027 में डूंगरपुर जिले की विशिष्ट भौगोलिक विषमताओं और लंबित आवेदनों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष राहत प्रदान की जाए।
कोटा बढ़ाने की आवश्यकता: डूंगरपुर जिले के लिए दिव्यांग स्कूटी के कोटे को वर्तमान संख्या से बढ़ाकर कम से कम 200 से 250 किया जाए, ताकि पिछले वर्ष वंचित रहे पात्र आवेदकों को इस वर्ष प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जा सके।
श्री बंशीलाल कटारा ने विश्वास जताया है कि संवेदनशील राजस्थान सरकार दिव्यांगजनों के स्वावलंबन और सुलभ आवागमन से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!