वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा 2022 पेपर लीक प्रकरण
उदयपुर। वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा 2022 के सामान्य ज्ञान एवं शैक्षणिक मनोविज्ञान प्रश्न पत्र समय से पहले हल कर लीक करने के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी को अदालत ने शनिवार को रिमांड समाप्त होने पर पेपर उपलब्ध कराने के मामले में पूछताछ के लिए पुन: 12 अक्टूबर तक रिमांड पर सौंप दिया। एसओजी जयपुर की टीम ने आरोपी को शनिवार को रिमांड समाप्त होने पर अदालत में पेश किया था।
एसओजी जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश शर्मा के अनुसार गत 24 दिसम्बर को बेकरिया थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान बस से वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा- 2022 का सामान्य ज्ञान एवं शैक्षणिक मनोविज्ञान विषय के प्रश्न पत्र को लीक कर हल कराते समय बस से अभ्यर्थी गिरफ्तार किए थे। इस मामले में सरवण सांचौर निवासी राजीव पुत्र भगवाना राम विश्नोई ने पेपर लीक गिरोह के साथ मिलकर अवैध रूप से पेपर उपलब्ध करवाए एवं हल करवाए। इस मामले में शनिवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर आरोपी राजीव विश्नोई को पुन: अपर जिला एवं सत्र न्यायालय क्रम1 की अदालत में पेश किया जहां पर अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि आरोपी राजीव विश्नोई ने नागराज एवं महेंद्र कुमार प्रजापत को प्रश्न पत्र लीक माफिया गिरोह से सांठगांठ कर 8 से 10 लाख रुपए के बदले प्रश्न पत्र समय से पहले उपलब्ध करवाने में अपराधिक सहयोग किया। गिरफ्तार नागराज एवं महेंद्र ने पूछताछ व इनसे बरामद फोन से विश्लेष्ण एवं जब्त मोबाइल के स्क्रीन शॉट से राजीव विश्नोई द्वारा उक्त दोनों अभियुक्तों से घटना समय वाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत किए जाने के तथ्य की पुष्टि हुई है। अभियुक्त राजीव के खिलाफ भादसं की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 482, 120बी एवं राजस्थान साव्रजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 की धारा 3, 6, 10 का अपराध प्रमाणित है।
अनुसंधान धिकारी ने पीठासीन अधिकारी को बताया कि आरोपी को पुन रिमांड पर लेकर घटना के संबंध में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया जाना है और मोबाइल फोन की सीडीआर, आईपीडीआर का विश्लेषण के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जानी है। अभियुक्त राजीव विश्नोई से नागराज व महेंद्र कुमार को सामान्य ज्ञान विषय का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने के स्त्रोत एवं पेपर लीक गिरोह के अन्य सदस्य व संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका के बारे में जांच की जाएगी। फरार अभियुकतों के संबंध में भी जानकारी की जाएगी। उक्त अभियुक्त राजीव विश्नोई को दो अगस्त 2015 को आयोजित कनिष्ठ लेखाकार एवं तहसीलदार राजस्व लेखाकार प्रतियोगी परीक्षा 2013 के संदर्भ में ब्लूटूथ के माध्यम से नकल कराने के संबंध में थाना एसओजी जयपुर में मामला दर्ज है। पत्रावली का अवलोकन करने के बाद पीठासीन अधिकारी श्रीमती संदीप कौर ने अभियुक्त को 12 अक्टूबर तक पुन: पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए।
आरोपी को पेपर उपलब्ध कराने की पूछताछ के लिए पुन: रिमांड पर सौंपा
