उदयपुर में 13 जून को सजेगी सुरों की महफिल, सुमन कल्याणपुर एवं एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम को दी जाएगी संगीतमय श्रद्धांजलि

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था सुरों की मंडली संस्था द्वारा 13 जून को एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर एवं महान गायक एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम को उनके अमर गीतों के माध्यम से भावभीनी संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन मधुश्री, अशोका पैलेस, उदयपुर में सायं 4 बजे से 8 बजे तक होगा।

इस अवसर पर सुरों की मंडली से जुड़े कलाकार दोनों महान गायन विभूतियों के लोकप्रिय एवं सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के माध्यम से श्रोताओं को हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर की मधुर स्मृतियों को पुनः जीने का अवसर मिलेगा।

संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि सुरों की मंडली पिछले कई वर्षों से संगीत साधना एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से शहर के संगीत प्रेमियों को एक सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संगीत जगत के महान कलाकारों के योगदान से परिचित कराने का एक सार्थक प्रयास भी है।

संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा संगीत प्रेमियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की।

इस आयोजन को सफल बनाने में संस्था की सक्रिय सदस्य मधु केवल्या, दिव्या सारस्वत, नूतन बेदी एवं नीलम पटवा विशेष सहयोग प्रदान कर रही हैं। आयोजकों ने सभी संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर महान कलाकारों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं सुरों से सजी इस विशेष संध्या का आनंद लेने का आग्रह किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!