टाउनहॉल से कलेक्ट्री तक निकाली रैली
उदयपुर। जिले के डबोक क्षेत्र के हरियाउ गांव में शादी के दौरान दुल्हन को घोड़ी से नीचे उतारने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर घटना का विरोध जताया। बसपा कार्यकर्ताओं ने पीड़ित दुल्हन पूजा मेघवाल को उदयपुर शहर में घोड़ी पर बैठाकर रैली निकाली और समानता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोग टाउनहॉल से रैली के रूप में कलेक्ट्री पहुंचे, जहां प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।
निष्पक्ष जांच और जांच अधिकारी बदलने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वर्तमान जांच अधिकारी को हटाने की मांग उठाई। बसपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस मामले में पूरी निष्पक्षता नहीं बरत रही है। ज्ञापन में बताया गया कि हरियाउ गांव में 29 अप्रैल को शादी के दौरान कुछ दबंगों ने पूजा मेघवाल को घोड़ी से उतार दिया था और परिजनों के साथ मारपीट भी की थी। इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ डबोक थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई, लेकिन पुलिस ने अब तक केवल चार आरोपियों को ही गिरफ्तार किया है।
जातिगत भेदभाव खत्म करने की उठी मांग
समाजजनों ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली बताते हुए कहा कि आजादी के 76 साल बाद भी गांवों में जातिगत भेदभाव खत्म नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की मानसिकता पर रोक लगाने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी है। राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
