कृषि मंडी में चला बुलडोजर, हटाया अतिक्रमण

उदयपुर। शहर की सविना स्थित कृषि फल सब्जी मंडी में काफी समय से मिल रही अतिक्रमण की शिकायतों के बाद बुधवार को मंडी प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाया। पुलिस बल की मौजूदगी में मंडी प्रशासन ने परिसर में थैले, अस्थायी ढांचे, रास्तों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। बताया जा रहा है कि मंडी में अतिक्रमण के कारण दुकानदारों और आमजन को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। लगातार प्रशासन को मिल रही शिकायतों के बाद सख्त रूख अपनाते हुए बुधवार सुबह एक्शन लिया गया। टीम ने मंडी परिसर में विभिन्न हिस्सों में जाकर रास्तों को खाली कराया और व्यवस्था बहाल की। कार्रवाई से पहले मंडी प्रशासन द्वारा व्यापारियों और अवैध कब्जेधारियों को कार्रवाई संबंधी चेतावनी दे दी गई थी। बावजूद इसके अतिक्रमियों द्वारा समय रहते अपने अवैध कब्जे नहीं हटाए गए। इस पर मंडी प्रशासन ने बुधवार सुबह पुलिस बल की मौजूदगी में सारे अवैध कब्जों को हटाते हुए रास्ते साफ किए। इस कार्रवाई के बाद मंडी परिसर में सडकें खुली खुली नजर आई और व्यवस्थाओं में सुधार नजर आया। मंडी प्रशासन ने हिदायत दी है कि परिसर में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!